Wednesday, January 9, 2019

हड़प्पा की खुदाई में मिले महिला-पुरुष के कंकाल, दोनों को एकसाथ दफनाया गया था

हरियाणा के राखीगढ़ी इलाके में मिली कब्र से महिला और पुरुष के कंकाल मिले। 2016 में राखीगढ़ी में 70 कब्रों का पता चला था। इनमें से 40 को खोदकर देखा गया। इसी दौरान युगल का कंकाल मिला। इन्हें एक साथ क्यों दफनाया गया, इस पर 3 साल तक अध्ययन किया गया। इस अध्ययन की रिपोर्ट को एक अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित किया गया है।

मौत के कारण का पता नहीं चल सका
कब्र 4500 साल पुरानी है। इसमें महिला और पुरुष का मुंह एकदूसरे की तरफ है। भारत और दक्षिण कोरिया के पुरातत्वविदों और वैज्ञानिकों ने क्रोनोलॉजी के माध्यम से अनुमान लगाया है कि दोनों में गहरा प्यार रहा होगा। पुरातत्वविद् वसंत शिंदे का कहना है कि अध्ययन में न तो उनकी हडि्डयों पर कोई लाइन मिली और न ही स्कल (खोपड़ी) बोन असामान्य तौर पर मोटी थी। ऐसे लक्षणों से चोट और दिमागी बुखार का पता चल जाता है।

रेतीली कब्र में दफन किए गए थे
महिला-पुरुष को डेढ़ मीटर गहरी रेतीली कब्र में दफनाया गया था। 5.8 फुट के पुरुष की आयु 38 साल लग रही है। 5.6 फुट लंबी महिला 35 साल की रही होगी। दोनों मौत के समय स्वस्थ थे। लगता है कि दोनों की मौत एक साथ हुई होगी। इस वजह से उन्हें एक साथ दफना दिया गया। कब्र में कुछ चीजें सामान्य सी मिलीं। इनमें मिट्‌टी के बर्तन और पत्थर के आभूषण थे। ये चीजें हड़प्पा सभ्यता से जुड़े अवशेषों की खुदाई के दौरान कब्रों से मिलती रही हैं।

संपन्न बस्ती में रहता होगा युगल: पुरातत्वविद
पुरातत्वविदों का मानना है कि युगल 12 एकड़ में फैली संपन्न बस्ती में रहता होगा। उनका दावा है कि बस्ती में हजारों और लोग भी होंगे। अभी तक जो खुदाई हुई है उनमें राखीगढ़ी की बस्ती सबसे बड़ी है। हड़प्पा संस्कृति की लगभग 2000 जगहों का पता अभी तक चला है। राखीगढ़ी को मोहनजोदड़ो की खुदाई में मिली बस्तियों से भी बड़ा माना जा रहा है। सबसे पहली प्राचीन सभ्यता मोहनजोदड़ो से ही 1920 में मिली थी।

मैसोपोटामिया से मिलती रही हैं आलीशान कब्रें
हड़प्पा की खुदाई में मिलीं कब्रें ज्यादातर सामान्य हैं। कब्रों में खाने से भरे बर्तन भी मिले हैं। इन्हें वहां श्रद्धांजलि के तौर पर रखा गया होगा। मैसोपोटामिया की खुदाई से आलीशान कब्रें मिलती रही हैं। राजा महाराजा की कब्रों में आभूषण व अन्य कीमती चीजें मिली हैं। अर्ली इंडियन के लेखक टोनी जोसेफ का कहना है कि पश्चिम एशिया के राजाओं की कब्रों में हड़प्पा से आयात किए गए कई आभूषण मिले हैं। 

पहले भी मिलती रही हैं युगल की कब्रें
दुनिया के अन्य इलाकों से भी युगल की कब्र मिलती रही हैं। 1950 में गुजरात के लोथल से महिला और पुरुष का कंकाल मिला था। इसमें महिला की खोपड़ी पर चोट के निशान थे। माना जा रहा है कि पुरुष की मौत के बाद उसने खुदकुशी की होगी। इटली में नियोलिथिक, रूस व ग्रीक से भी प्राचीन सभ्यता की कब्रों के अवशेष मिले हैं। इनमें युगल का एक दूसरे के प्रति प्रेमभाव दिखाई दिया।

No comments:

Post a Comment